home page

पुलिस ने जागरूकता कार्यशाला में स्कूली छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

 | 
पुलिस ने जागरूकता कार्यशाला में स्कूली छात्र-छात्राओं को किया जागरूक


कोंडागांव, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के उरंदाबेड़ा थाना पुलिस ने ग्राम बढग़ई हायर सेकेंडरी स्कूल में चलित थाना कार्यक्रम के तहत आज साेमवार काे जागरूकता कार्यशाला आयोजित कर छात्र-छात्राओं को नए आपराधिक कानून, यातायात नियम, साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया। कार्यशाला में स्कूल के शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। ग्रामीणों से गांव में किसी संदिग्ध या अज्ञात व्यक्ति के आने की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।

उरंदाबेड़ाथाना प्रभारी अखिलेश धीवर ने महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराध, लैंगिक अपराध, गुड टच-बैड टच, अभिव्यक्ति ऐप, नशे के दुष्प्रभाव तथा नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए ओटीपी किसी से साझा नहीं करने, अनजान व्हाट्सएप कॉल से सावधान रहने, फर्जी लॉटरी और ऑनलाइन ठगी से बचने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देने की सलाह दी गई। यातायात जागरूकता सत्र में वाहन चलाते समय आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और परमिट जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, तेज गति और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं सहित व्याख्याता मोतीराम बघेल, शिक्षक रामसाय गावड़े, दुलचंद नाग, सहायक शिक्षिका ममता ध्रुव, सहायक ग्रेड-3 रोशन कुमार, भृत्य रोशन यादव, हरिशंकर बघेल, अतिथि शिक्षक भगवान सिंह सहित थाना उरंदाबेड़ा के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे