home page

जांजगीर-चांपा में एचपीसीएल के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचने वालों पर पुलिस की रेड, 2.50 लाख का नकली तेल जब्त

 | 
जांजगीर-चांपा में एचपीसीएल के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचने वालों पर पुलिस की रेड, 2.50 लाख का नकली तेल जब्त


जांजगीर-चांपा में एचपीसीएल के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचने वालों पर पुलिस की रेड, 2.50 लाख का नकली तेल जब्त


जांजगीर-चांपा, 16 अगस्त (हि. स.)। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम और पैकिंग का कथित रूप से दुरुपयोग कर डुप्लीकेट तेल बेचने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली जांजगीर और चांपा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आज तीन दुकानों पर रेड कर करीब 2.50 लाख रुपये कीमत का डुप्लीकेट तेल जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जिले में कंपनी के नाम पर नकली और डुप्लीकेट उत्पाद बेचे जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क और नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में सिटी कोतवाली और चांपा पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।

पुलिस टीमों ने संदिग्ध दुकानों की जांच के दौरान तीन दुकान संचालकों के कब्जे से हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम और पैकिंग में रखे डुप्लीकेट तेल बरामद किए। कार्रवाई में कुल 44 बड़े बकेट और 12 छोटे केन, यानी कुल 56 नग तेल जब्त किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2,50,000 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मामले में तीन दुकान संचालकों की पहचान कौशल अग्रवाल (50), निवासी स्टेशन रोड बरपाली चौक चांपा, अमन शर्मा (32), निवासी नेताजी चौक जांजगीर और नीरज अग्रवाल (51), निवासी दुर्गा ऑटोमोबाइल चांपा के रूप में की है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंपनी के अधिकृत उत्पाद के नाम और पैकिंग का कथित तौर पर दुरुपयोग कर ग्राहकों को डुप्लीकेट तेल बेचा जा रहा था। पुलिस द्वारा जब्त सामग्री से संबंधित दस्तावेज, बिक्री संबंधी जानकारी और उत्पादों का सत्यापन कराया जा रहा है। मामले में संबंधित दुकान संचालकों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नकली या डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने वाले ऐसे मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंद्रवंशी, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमारी, मुकेश कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश चंद्र राठौर सहित आरक्षक प्रकाश राठौर, संतुका और विनोद राठौर का विशेष योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT