दल्हा पहाड़ मेले में पुलिस की सख्ती, 5500 स्टील के कड़े उतरवाए; 150 पाव शराब जब्त
जांजगीर-चांपा, 18 अगस्त (हि. स.)। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ीदलहा स्थित ऐतिहासिक दल्हा पहाड़ में नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित मेले में करीब एक लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस ने पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। पुलिस की सक्रियता के चलते मेले में किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। इसकी जानकारी आज विज्ञप्ति के माध्यम से पुलिस ने दी है।
मेले में अपराध और मारपीट की संभावनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 5500 भारी स्टील के कड़े उतरवाकर पुलिस ने जमा कराए। जांच में कुछ युवकों के पास हाथ में पहनने वाले पंचनुमा स्टील के हथियार भी पाए गए, जिन्हें तत्काल उतरवाकर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, कई स्टील के कड़े काफी भारी और मजबूत थे, जिनका इस्तेमाल मारपीट अथवा हमले में हथियार के रूप में किया जा सकता था।
यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस टीमों ने मेला क्षेत्र में युवकों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच करते हुए लगातार निगरानी रखी।
मेले में अवैध शराब के सेवन और उससे होने वाली संभावित अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए भी पुलिस ने कार्रवाई की। अलग-अलग व्यक्तियों द्वारा पाकिट, बैग और झोले में छिपाकर लाई जा रही करीब 150 पाव देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पुलिस टीमों ने मेला क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरों के साथ क्षेत्र में लगे कैमरों की मदद से भीड़भाड़ वाले स्थानों और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और लगातार पेट्रोलिंग की गई, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रही।मेले में साइबर जागृति अभियान के तहत श्रद्धालुओं को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया गया। दल्हा पहाड़ के शीर्ष, मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर साइबर जागरूकता सेल्फी स्टैंड और जोन बनाए गए। श्रद्धालुओं ने “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश प्रसारित किया।
मेले की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महिला कमांडो टीम ग्राम पड़रिया, पहाड़ मित्र, वालेंटियर्स, भीम रेजिमेंट, डॉ. अंबेडकर विचार युवा संगठन अकलतरा, आश्रम परिवार समिति और वन प्रबंध समिति के सदस्यों ने भी पुलिस का सहयोग किया। इनके सहयोग से भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिली।
जांजगीर-चांपा पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, लगातार पेट्रोलिंग, ड्रोन और निगरानी, संदिग्धों की जांच तथा महिला कमांडो और वालेंटियर्स के सहयोग से करीब एक लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाला दल्हा पहाड़ मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

