home page

तेज आवाज में डीजे बजाने पर कोरबा पुलिस की सख्ती, तीन संचालकों पर कार्रवाई

 | 
तेज आवाज में डीजे बजाने पर कोरबा पुलिस की सख्ती, तीन संचालकों पर कार्रवाई


काेरबा, 21 सितंबर (हि.स.)। निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण और तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दीपका और बाकीमोंगरा थाना क्षेत्रों में तीन डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डीजे साउंड सिस्टम और ध्वनि विस्तारक यंत्र जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने साेमवार काे पत्रकाराें से कहा कि माननीय न्यायालय के निर्देशों, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की गाइडलाइन और कोलाहल अधिनियम के प्रावधानों के तहत निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना अनिवार्य है। इसके बावजूद तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस द्वारा संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दीपका थाना क्षेत्र में कसईपाली निवासी नवरतन कुमार और धुरेना निवासी रवि कुमार को निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाते पाए जाने पर कार्रवाई की गई। वहीं, बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र में कुरैना निवासी डीजे संचालक भूवन पाल के खिलाफ भी निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संबंधित डीजे के साउंड सिस्टम और अन्य ध्वनि विस्तारक उपकरण जब्त कर लिए।

पुलिस ने बताया कि तीनों डीजे संचालकों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा जब्त उपकरणों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

कोरबा पुलिस ने जिले के सभी डीजे संचालकों और आयोजन समितियों से निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने पर उपकरण जब्त करने के साथ संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और आमजन की शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी