शिवरीनारायण में पुलिस का जनजागरूकता अभियान, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और एनआरआई मामलों पर दी अहम जानकारी
जांजगीर-चांपा, 19 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के चौपाटी परिसर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा तथा अप्रवासी भारतीयों (एनआरआई) से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रवासी भारतीयों से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें और जिम्मेदार नागरिक होने का दायित्व निभाएं।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी अजाक श्रीमती सतरूपा तारम की उपस्थिति रही, जबकि थाना शिवरीनारायण के पीएसआई रितेश परमार ने नागरिकों को संबोधित करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को किसी अप्रवासी भारतीय से संबंधित कोई संदिग्ध जानकारी प्राप्त होती है या किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होती है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित टोल-फ्री हेल्पलाइन अथवा निकटतम पुलिस थाने में दें। समय पर दी गई सूचना किसी भी संभावित अपराध या धोखाधड़ी को रोकने में मददगार साबित हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों के लगातार बदलते तरीकों को लेकर लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात नंबर से आने वाली कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी के मामलों में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी आर्थिक क्षति का कारण बन सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो वह बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे तथा निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराए।
अभियान के दौरान महिला सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।
महिलाओं और युवतियों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
जनजागरूकता कार्यक्रम में थाना शिवरीनारायण की पीएसआई कविता एवं महिला आरक्षक दिव्या सिंह भी मौजूद रहीं। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

