home page

जांजगीर-चांपा में पुलिस का जागरूकता अभियान: स्कूली बच्चों को सिखाए यातायात नियम, साइबर ठगी और नशे से बचने के उपाय

 | 
जांजगीर-चांपा में पुलिस का जागरूकता अभियान: स्कूली बच्चों को सिखाए यातायात नियम, साइबर ठगी और नशे से बचने के उपाय


जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए चांपा पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इसके तहत बुधवार को सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल, चांपा में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे के नेतृत्व में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाना चाहिए। दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठने से बचें और मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

कार्यक्रम के दौरान बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी विद्यार्थियों को सतर्क किया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अनजान लिंक, फर्जी मैसेज और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करें और अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें।

इसके अलावा छात्र-छात्राओं को बाल अपराधों और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिस ने समझाया कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, धमकी या परेशानी की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी दें।

चांपा पुलिस ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया। बच्चों को नशीले पदार्थों से दूर रहने, अच्छी आदतें अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षा, सतर्कता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि बच्चे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और समाज को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT