सिवनी हाई स्कूल में चांपा पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को दी नए कानून और साइबर सुरक्षा की जानकारी
जांजगीर-चांपा, 28 जुलाई (हि. स.)।जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी स्थित शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार को चांपा पुलिस द्वारा विधिक एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य के.के. साहू, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता , भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम सहित नए कानूनों की जानकारी सरल भाषा में दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कानून की मूलभूत जानकारी होना जरूरी है, ताकि वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझ सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
इस दौरान चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर विद्यार्थियों को सतर्क किया। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, फेक कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी और साइबर ब्लैकमेल जैसे मामलों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध कॉल या लिंक से सावधान रहें। साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु उप निरीक्षक निकिता साहू, रुखसाना बानो एवं गोपी राजपूत ने महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, नशामुक्ति, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया। वहीं रक्षा टीम की सदस्य निशा पांडेय और दिव्या राजपूत ने छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच-बैड टच, आपातकालीन सहायता सेवाओं और परेशानी की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए और उन्हें जागरूक, जिम्मेदार तथा कानून का सम्मान करने वाला नागरिक बनने का संदेश दिया। विद्यालय के प्राचार्य के.के. साहू और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों और साइबर सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम में उप सरपंच गोविंद राठौर, रामाधीन राठौर, रामकृष्ण बरेठ, देवेन्द्र श्रीवास सहित स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने चांपा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से विद्यार्थियों और आम लोगों में कानून, सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति समझ बढ़ती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने चांपा पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने बताया कि जिले में लोगों को कानून और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

