जांजगीर चांपा: अवैध महुआ शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 40 लीटर कच्ची शराब के साथ महिला गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना पामगढ़ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आज एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 40 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में 7 अप्रैल को थाना पामगढ़ क्षेत्र में रेड कार्रवाई की गई। इस दौरान सेमरिया सबरिया डेरा निवासी नोनी बाई (47 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 40 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

