बाइक में घुसा था जहरीला सांप, रेस्क्यू कर बाहर निकाला
धमतरी, 16 मई (हि.स.)। बाइक को घर से बाहर निकालते समय जब एक जहरीला सर्प घुसने की अहसास चालक को हुआ, तो हड़कंप मच गया। बाइक के अंदर एक जहरीला सांप दिखाई दिया, तो तत्काल सर्पमित्र को बुलाया गया, जिसे सर्पमित्र ने पकड़कर बाहर निकाला और जंगल क्षेत्र में छोड़ा, तब जाकर कालोनीवासियों ने राहत की सांस ली।
शहर के शांति कालोनी निवासी एक व्यक्ति के बाइक में जहरीला सांप घुसने की जानकारी कालोनीवासियों ने सर्पमित्र नीरज पांडे को सूचना दी। खबर मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़ने रेस्क्यू शुरू किया। मोटरसाइकिल के इंजन और बाडी के बीच सांप काफी अंदर तक घुसा हुआ था, इसके कारण रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आधे घंटे की मशक्कत के बाद सर्पमित्र ने करीब तीन फीट लंबे जहरीले सांप को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला और सांप को सुरक्षित डिब्बे में भरकर ले गए। उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया। सांप पकड़ाने के बाद कालोनीवासियों तथा बाइक चालक ने राहत की सांस ली।
सर्पमित्र नीरज पांडे ने बताया कि, यह गेहुंआ नाग अभी बच्चा था, लेकिन इसकी प्रजाति बेहद जहरीली मानी जाती है। इसके काटने के तुरंत बाद यदि एंटी वेनम नहीं दिया जाए तो व्यक्ति की मौत भी हो सकती है। सर्पमित्र सूर्यकांत साहू ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव आया है। तेज गर्मी बढ़ने और ठंडे स्थानों की तलाश में सांप अब रिहायशी इलाकों की ओर निकल रहे हैं। खासकर मोटरसाइकिल, कार, कूलर और घरों के कोनों में सांप छिपने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

