home page

कोरबा: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से महादेव को मिला स्वरोजगार का सहारा, शुरू किया फल का कारोबार

 | 
कोरबा: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से महादेव को मिला स्वरोजगार का सहारा, शुरू किया फल का कारोबार


कोरबा, 9 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से जरूरतमंद लोग अपना व्यवसाय शुरू कर रहे हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बना रहे हैं। कोरबा जिले के नगर पंचायत पाली निवासी महादेव पटेल भी इस योजना का लाभ लेकर अपने परिवार का भविष्य संवार रहे हैं।

महादेव पटेल पहले सीमित स्तर पर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। कम आमदनी के कारण उन्हें घरेलू जरूरतों को पूरा करने और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत उन्हें 15 हजार रुपये का ऋण मिला। इस राशि से उन्होंने अपनी पत्नी सुलेखा पटेल के साथ ठेले पर फल का कारोबार शुरू किया।

नए व्यवसाय से उनकी आमदनी में बढ़ोतरी हुई और परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आने लगा। अब घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देना भी आसान हो रहा है। महादेव पटेल का कहना है कि योजना से मिले ऋण ने उन्हें कारोबार आगे बढ़ाने का अवसर दिया और आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई।

महादेव पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

नगर पंचायत पाली में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से अन्य छोटे व्यापारी भी अपनी आजीविका मजबूत कर रहे हैं। प्रमोद पटेल बीज विक्रय, गौरी प्रजापति सिलाई कार्य और रोशन पटेल पान दुकान के माध्यम से आय अर्जित कर रहे हैं। योजना से मिल रहे आर्थिक सहयोग के जरिए छोटे कारोबारी अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ परिवार की जरूरतें पूरी करने और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी