home page

बलरामपुर : पीएम स्वनिधि योजना से उमाचंद को मिला कारोबार बढ़ाने का सहारा

 | 
बलरामपुर : पीएम स्वनिधि योजना से उमाचंद को मिला कारोबार बढ़ाने का सहारा


बलरामपुर, 17 जून (हि.स.)। बुधवार को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और सकारात्मक उदाहरण सामने आया है। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से बलरामपुर के ग्राम जतरो निवासी उमाचंद सिंह को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता मिली है, जिससे उनके कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

उमाचंद सिंह लंबे समय से फल विक्रय का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। सीमित आय और पूंजी की कमी के कारण उन्हें व्यवसाय के विस्तार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्राहकों की मांग के अनुरूप पर्याप्त सामग्री उपलब्ध नहीं करा पाने से उनके कारोबार की संभावनाएं भी प्रभावित हो रही थीं।

इसी बीच उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। पीएम स्वनिधि शिविर में आवेदन करने के बाद पात्रता के आधार पर उन्हें 25 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया, जिसका चेक उन्हें प्रदान किया गया। इस राशि से अब वे अपनी दुकान के लिए अधिक मात्रा में फल एवं अन्य आवश्यक सामग्री खरीद सकेंगे, जिससे कारोबार को मजबूती मिलेगी।

उमाचंद सिंह ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें योजना के तहत 10 हजार रुपये की ऋण सहायता प्राप्त हुई थी, जिसका उन्होंने सफलतापूर्वक उपयोग किया। अब दूसरी बार मिली सहायता से उनका व्यवसाय और बेहतर तरीके से संचालित हो सकेगा तथा आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को छोटे व्यापारियों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि इस योजना ने उन्हें अपने व्यवसाय को मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।

जिले में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से पात्र पथ विक्रेताओं एवं छोटे व्यापारियों को पीएम स्वनिधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। शिविरों में ऋण प्रकरणों का पंजीयन, नए आवेदन, ऋण स्वीकृति, ऋण वितरण तथा डिजिटल भुगतान संबंधी जानकारी भी दी जा रही है।

जिला प्रशासन ने पथ विक्रेताओं और छोटे व्यापारियों से अपील की है कि वे शिविरों में पहुंचकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय