home page

पीएम सूर्य घर योजना में तेजी के निर्देश, लापरवाही पर राजपुर और वाड्रफनगर के सहायक अभियंताओं को नोटिस

 | 
पीएम सूर्य घर योजना में तेजी के निर्देश, लापरवाही पर राजपुर और वाड्रफनगर के सहायक अभियंताओं को नोटिस


बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। पीएम सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने को लेकर आज सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और आवेदन की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सोलर दीदियों को योजना से जुड़े वेंडरों से जोड़कर अधिक से अधिक आवेदन भरवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सोलर दीदियों को चेकलिस्ट उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आवेदन प्रक्रिया में गलतियों की संभावना कम हो और आवेदन पहली बार में ही सही तरीके से पूरे किए जा सकें। कलेक्टर ने अग्रणी जिला प्रबंधक से बैंकों में स्वीकृत ऋण आवेदनों की जानकारी भी ली।

योजना की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने राजपुर और वाड्रफनगर विद्युत विभाग के सहायक अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा।

कलेक्टर ने जिले में भ्रमण कर रहे पीएम सूर्य घर रथ के माध्यम से अधिक से अधिक क्षेत्रों को कवर करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को योजना की जानकारी मिल सके और वे अपने घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए आवेदन कर सकें। बैठक में सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, विद्युत विभाग के अभियंता, अग्रणी जिला प्रबंधक, योजना से जुड़े वेंडर और जिला मिशन प्रबंधक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय