रायपुर : ब्रिक्स की आर्थिक ताकत दुनिया की तुलना में करीब दो गुनी रफ्तार से बढ़ी : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स बिज़नेस फोरम में साझा की वैश्विक आर्थिक विकास की तस्वीर
रायपुर 13 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि ब्रिक्स देशों की आर्थिक ताकत में पिछले वर्षों में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है और इसकी विकास गति वैश्विक अर्थव्यवस्था की तुलना में करीब दो गुनी रही है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव वैश्विक अर्थव्यवस्था में ब्रिक्स देशों की बढ़ती भूमिका और प्रभाव को दर्शाता है।
वित्त मंत्री चौधरी ने रविवार काे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स बिज़नेस फोरम में ब्रिक्स देशों की आर्थिक प्रगति के आंकड़ों को साझा करते हुए बताया कि जिस अवधि में दुनिया की जीडीपी करीब ढाई गुना बढ़ी, उसी अवधि में ब्रिक्सदेशों की संयुक्त जीडीपी जीडीपी लगभग साढ़े चार गुना बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों की यह आर्थिक प्रगति वैश्विक विकास के बदलते स्वरूप का महत्वपूर्ण संकेत है। तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं, विशाल बाजार, युवा आबादी और बढ़ते व्यापारिक अवसरों के कारण ब्रिक्स वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में एक मजबूत और प्रभावशाली समूह के रूप में उभर रहा है।
ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत भी वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत की मजबूत आर्थिक नींव, सुधारों, निवेश के अनुकूल वातावरण और नवाचार आधारित विकास से देश की वैश्विक भूमिका लगातार सशक्त हो रही है।
उन्होंने कहा कि ब्रिक्सकी बढ़ती आर्थिक शक्ति भारत सहित सदस्य देशों के लिए नए व्यापार, निवेश और सहयोग के अवसरों का मार्ग प्रशस्त करती है। यह वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूती देने के साथ ही समावेशी और संतुलित वैश्विक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

