home page

कृषि विज्ञान केंद्र में 30 अक्टूबर को होगा पी.एम. किसान उत्सव दिवस का आयोजन

 | 

जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर (हि. स.)। कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में 30 अक्टूबर 2026 को कृषि विज्ञान केंद्र, जांजगीर-चांपा में पी.एम. किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण किया जाएगा।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि योजना के तहत जिले के 121359 किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से केंद्र शासन द्वारा कुल 24.75 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि किसान उत्सव दिवस के साथ गेंदा महोत्सव भी मनाया जाएगा। कार्यक्रम में किसानों को रबी मौसम में दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने प्रोत्साहित किया जाएगा। किसानों की अतिरिक्त आय के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से गेंदे के पौधों का वितरण भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विकासखंड स्तर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालयों तथा ग्राम स्तर पर ग्राम पंचायतों में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को योजना की जानकारी दी जाएगी। जिला, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT