home page

पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 72,922 किसानों के खातों में पहुंचे 14.63 करोड़ रुपये

 | 
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 72,922 किसानों के खातों में पहुंचे 14.63 करोड़ रुपये


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के हजारों किसानों को आर्थिक सहायता मिली है। जिले के 72,922 पात्र किसानों के बैंक खातों में 14 करोड़ 63 लाख रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम से देशभर के किसानों के खातों में राशि हस्तांतरित की। इस दौरान देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को लगभग 18,680 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। प्रत्येक चार माह में 2 हजार रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इस सहायता राशि से किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री खरीदने में आर्थिक सहयोग मिलता है।

जिले में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी के निर्देश पर जिला पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक, कृषि स्थायी समिति की अध्यक्ष अभिलाषा कैलाश नायक, जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंडी परिसर स्थित मंडी कार्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 100 से अधिक किसान और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूर्व विधायक कामदा जोल्हे, मंडल महामंत्री शिवम चंद्रा और अनुसूचित जाति मोर्चा के देवेंद्र रात्रे सहित अन्य लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना और अन्य किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT