home page

बलरामपुर : शनिवार को किसानों के खातों में आएगी पीएम किसान की 23वीं किस्त

 | 
बलरामपुर : शनिवार को किसानों के खातों में आएगी पीएम किसान की 23वीं किस्त


बलरामपुर, 19 जून (हि.स.)।बलरामपुर जिले के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे, जिसके तहत बलरामपुर जिले के 61 हजार 357 पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सहायता राशि भेजी जाएगी।

कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के किसानों को कुल 12 करोड़ 27 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की जाएगी। योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2 हजार रुपये सीधे जमा किए जाएंगे। यह राशि किसानों को बीज, उर्वरक तथा अन्य कृषि निवेश संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक होगी।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है, जिसके माध्यम से किसानों को नियमित अंतराल पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इससे किसानों को खेती-किसानी के कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में मदद मिलती है और कृषि गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री द्वारा किस्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। इसके लिए जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों तथा कृषि विभाग द्वारा विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसान कार्यक्रम से जुड़ सकें और योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकें।

कृषि विभाग ने जिले के सभी पात्र किसानों से कार्यक्रम में शामिल होने तथा योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय