home page

धवई बांध में 11.69 लाख रुपये से बना आंगनबाड़ी भवन, विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने किया लोकार्पण

 | 
धवई बांध में 11.69 लाख रुपये से बना आंगनबाड़ी भवन, विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने किया लोकार्पण


बलरामपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने राजपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत आरा के धवई बांध में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस भवन का निर्माण 11.69 लाख रुपये की लागत से कराया गया है।

वर्ष 2025-26 में स्वीकृत इस भवन का निर्माण ग्राम पंचायत आरा ने निर्माण एजेंसी के रूप में कराया। कार्य की शुरुआत 15 नवंबर 2025 को हुई थी और 19 सितंबर 2026 को निर्माण पूरा कर लिया गया।

‘हमर आंगनबाड़ी, सुघर आंगनबाड़ी’ की अवधारणा के अनुरूप भवन की दीवारों पर अक्षर, अंक और आकर्षक चित्र बनाए गए हैं। इससे बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। नए भवन में बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा और पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ गर्भवती महिलाओं तथा शिशुवती माताओं को पोषण आहार और टीकाकरण जैसी सेवाएं भी मिल सकेंगी।

लोकार्पण के अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय