home page

अंबिकापुर : पीएम आवास योजना में खुशियों की चाबी, 145 हितग्राहियों को लॉटरी से मिला अपना घर

 | 
अंबिकापुर : पीएम आवास योजना में खुशियों की चाबी, 145 हितग्राहियों को लॉटरी से मिला अपना घर


अंबिकापुर : पीएम आवास योजना में खुशियों की चाबी, 145 हितग्राहियों को लॉटरी से मिला अपना घर


अंबिकापुर, 25 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले में नगर पालिक निगम अंबिकापुर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत सुभाषनगर परियोजना में 145 हितग्राहियों को लॉटरी पद्धति से मकानों का आवंटन किया गया। अपने घर का सपना साकार होने पर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलकता नजर आया।

नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप के मार्गदर्शन में “मोर मकान मोर आस” घटक के अंतर्गत यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सीधे साइट पर संपन्न कराई गई। योजना के तहत कुल 493 आवासों की स्वीकृति मिली थी, जिनमें से पहले चरण में 7 जनवरी 2026 को 67 हितग्राहियों को आवंटन किया जा चुका है। शेष 426 आवासों के लिए प्राप्त 1280 आवेदनों में से जांच और दावा-आपत्ति के बाद 295 आवेदक पात्र पाए गए।

इन पात्र हितग्राहियों में से 145 लोगों ने 25 हजार रुपये की टोकन राशि जमा कर आवंटन के लिए अपनी पात्रता सुनिश्चित की, जिसके बाद लॉटरी के माध्यम से उन्हें मकान आवंटित किए गए। पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रही, जिससे हितग्राहियों का भरोसा और मजबूत हुआ।

इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य मनीष सिंह सहित निगम के पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे। नगर निगम द्वारा इस तरह की पारदर्शी पहल जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह