आईटीआई जांजगीर में 16 अप्रैल को लगेगा प्लेसमेंट कैंप, 300 पदों पर भर्ती का अवसर
जांजगीर-चांपा, 13 अप्रैल (हि. स.)। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 अप्रैल को आईटीआई जांजगीर में एक दिवसीय प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि प्लेसमेंट कैंप में निजी क्षेत्र की कंपनी श्रम इन टैलेण्ट प्रा.लि. नोएडा (उत्तर प्रदेश) भाग लेगी। कंपनी द्वारा इलेक्ट्रिक मीटर टेक्निशियन के 300 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, स्नातक एवं डिप्लोमा निर्धारित की गई है।
कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 18,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। आवेदकों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति जांजगीर-चांपा जिले के साथ ही बलौदा, अकलतरा, नवागढ़ और पामगढ़ क्षेत्रों में की जाएगी।
प्लेसमेंट कैंप में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की प्रतियां और जिला रोजगार कार्यालय का पंजीयन कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय जांजगीर-चांपा से संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

