home page

सक्ती: 116 साल पुरानी परंपरा का साक्षी बनेगा पिरदा, 16 नवंबर से तीन दिवसीय रामनामी भजन मेले का होगा आयोजन

 | 
सक्ती: 116 साल पुरानी परंपरा का साक्षी बनेगा पिरदा, 16 नवंबर से तीन दिवसीय रामनामी भजन मेले का होगा आयोजन


जांजगीर चांपा सक्ती/मालखरौदा, 15 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और अनूठी आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक रामनामी समाज का ऐतिहासिक भजन मेला एक बार फिर सक्ती जिले के ग्राम पिरदा में आयोजित होने जा रहा है। जनपद पंचायत मालखरौदा के अंतर्गत ग्राम पंचायत पिरदा में 16 से 18 नवंबर तक तीन दिवसीय रामनामी भजन मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह मेला 116 साल पुरानी परंपरा और आस्था का साक्षी बनेगा।

मेले को लेकर आयोजन समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों से रामनामी समाज के हजारों श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान रामनाम की भक्ति, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक वातावरण से पूरा पिरदा गांव भक्तिमय नजर आएगा।

आयोजन के पहले दिन 16 नवंबर को जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू मुख्य रूप से शामिल होंगे। वहीं, दूसरे दिन 17 नवंबर को सांसद कमलेश जांगड़े कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। मेले के अंतिम दिन 18 नवंबर को समापन अवसर पर पामगढ़ के पूर्व विधायक दाऊ राम रत्नाकर शामिल होंगे।

रामनामी समाज की यह परंपरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रामनाम को जीवन का आधार मानने वाला यह समाज अपनी विशिष्ट भक्ति परंपरा, रामनाम अंकित शरीर और सामूहिक भजन-कीर्तन के लिए जाना जाता है। ग्राम पिरदा में आयोजित होने वाला यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता की विरासत को भी आगे बढ़ाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT