24 क्विंटल धान का अवैध परिवहन करते एक पिकअप पकड़ाया
जगदलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले के करपावंड थाना क्षेत्र में अवैध धान परिवहन के खिलाफ प्रशासन की जांच में गुरुवार को बस्तर के करपावंड और मटनार के बीच 24 क्विंटल धान से लोड पिकअप पकड़ाया।
जांच दल ने वाहन क्रमांक सीजी- 07-टीए- 0484 को रोककर तलाशी ली तो उसमें 60 बोरियों में धान भरा मिला। चालक धान के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने धान सहित पिकअप को जब्त कर लिया।
कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खाद्य विभाग और मंडी की संयुक्त टीम अवैध धान परिवहन पर निगरानी रख रही है। गुरुवार को जांच के दौरान पकड़े गए धान का कुल वजन 24 क्विंटल पाया गया। दस्तावेज नहीं मिलने पर मंडी अधिनियम की धारा 19 के तहत कार्रवाई की गई। जब्त वाहन और धान को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए करपावंड थाने के सुपुर्द किया गया है।
इस कार्रवाई में खाद्य नियंत्रक घनश्याम राठौर, जिला विपणन अधिकारी राजेंद्र ध्रुव और मंडी निरीक्षक वीरेंद्र दिल्लीवार शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि अवैध धान की आवक और परिवहन रोकने के लिए लगातार जांच की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

