home page

अंबिकापुर : आत्मदाह की चेतावनी पर पीएचई का पलटवार, ‘रजनीकांत नाम से कोई ठेका ही नहीं, आरोप पूरी तरह बेबुनियाद’

 | 
अंबिकापुर : आत्मदाह की चेतावनी पर पीएचई का पलटवार, ‘रजनीकांत नाम से कोई ठेका ही नहीं, आरोप पूरी तरह बेबुनियाद’


अंबिकापुर, 29 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) खंड अंबिकापुर ने सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों में प्रसारित उस कथित प्रेस विज्ञप्ति का सख्त खंडन किया है, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा आत्मदाह की चेतावनी दी गई थी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित व्यक्ति का विभाग के साथ किसी भी प्रकार का आधिकारिक अनुबंध नहीं है और लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।

विभाग के अनुसार, स्वयं को ठेकेदार बताने वाले रजनीकांत ने एक पत्र के जरिए अधिकारियों पर जल जीवन मिशन के कार्यों में भुगतान रोकने, कमीशन मांगने और मानसिक प्रताड़ना देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। पत्र में यह भी दावा किया गया था कि 65 लाख रुपये के कार्य के बदले मात्र 22 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जिससे आहत होकर उन्होंने 30 मार्च 2026 को दोपहर 1 बजे पीएचई कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी।

इस पूरे मामले पर कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग खंड अंबिकापुर ने स्पष्ट किया कि संबंधित उप-अभियंता और सहायक अभियंता से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर विभाग में ‘रजनीकांत’ के नाम से कोई भी अनुबंध पंजीकृत नहीं है। ऐसे में भुगतान लंबित होने या प्रताड़ना जैसे आरोपों का कोई आधार नहीं बनता।

विभाग ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आवश्यक सूचनाएं संबंधित स्तर पर साझा कर दी हैं और कहा है कि शासकीय कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। बिना वैध अनुबंध के इस तरह के आरोप लगाना केवल विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह