home page

स्वस्थ शरीर और मन के लिए लोगों ने किया योग-ध्यान

 | 
स्वस्थ शरीर और मन के लिए लोगों ने किया योग-ध्यान


धमतरी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर खेल मैदान, रुद्री में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त सहयोग से योग एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोगाें ने सामूहिक रूप से योग के कई आसनों को किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं स्वास्थ्य समिति सभापति मोनिका देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जनपद सदस्य अनीता देवांगन, सरपंच रुद्री लक्ष्मी बया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास और ध्यान से हुई। योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न सरल योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया।

उन्होंने नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शरीर को स्वस्थ और सक्रिय रखने के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित प्राणायाम और ध्यान से तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को योग को स्वस्थ जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास एवं ध्यान में सहभागिता की। मैदान में लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। सामूहिक अभ्यास के दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।

आयुष विभाग के विशेषज्ञों ने प्राकृतिक जीवनशैली, योग, ध्यान और स्वास्थ्य संरक्षण से जुड़ी उपयोगी जानकारियां भी साझा कीं। उन्होंने दैनिक जीवन में संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और मानसिक शांति के लिए ध्यान को अपनाने की जरूरत बताई। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में जनभागीदारी के साथ स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक जागरूकता और लोककल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अभियान के तहत आयोजित योग एवं ध्यान कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना और निरोगी समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। रुद्री में आयोजित कार्यक्रम ने लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि मोनिका देवांगन ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति भी जरूरी है। योग और ध्यान दोनों ही व्यक्ति को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने में सहायता करते हैं। उन्होंने कहा कि योग का लाभ तभी स्थायी रूप से प्राप्त किया जा सकता है, जब इसे किसी आयोजन तक सीमित न रखते हुए प्रतिदिन की दिनचर्या में शामिल किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से नियमित योगाभ्यास करने और परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा