बलरामपुर : विशेष शिविर में 90 लंबित प्रकरणों का हुआ समाधान
बलरामपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए आयोजित विशेष शिविर में आज गुरुवार 90 प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में 80 वेतन निर्धारण और 10 पेंशन प्रकरणों का निपटारा होने से कर्मचारियों एवं पेंशनरों को बड़ी राहत मिली।
संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित शिविर में संयुक्त संचालक, कोष लेखा एवं पेंशन, अंबिकापुर की उपस्थिति में विभिन्न विभागों से प्राप्त लंबित प्रकरणों की जांच की गई। अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर मामलों का त्वरित निराकरण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
जिला प्रशासन ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य कर्मचारियों और सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों से जुड़े वेतन निर्धारण, पेंशन एवं समयमान के लंबित मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान करना है।
प्रशासन ने सभी विभागों को भविष्य में भी ऐसे प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कर्मचारियों और पेंशनरों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
शिविर में उपसंचालक अनिल कुमार वारी, सहायक संचालक संजय धीवर, कोषालय अधिकारी दशरथ प्रसाद सोनी तथा संयुक्त संचालक, कोषालय एवं पेंशन, अंबिकापुर के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

