home page

बलरामपुर : कोठली में एक साथ लगाए गए 1717 नाशपाती के पौधे

 | 
बलरामपुर : कोठली में एक साथ लगाए गए 1717 नाशपाती के पौधे


बलरामपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले में हरित विकास और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज गुरुवार विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम कोठली में वीबी-जी रामजी मिशन के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एक ही स्थान पर 1717 नाशपाती के पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव है।

जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने भी पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिला स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और स्कूली छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाने के साथ ग्रामीणों के लिए फल उत्पादन के जरिए आय के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

पौधरोपण के बाद इन पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी जाएगी। वे पौधों की सिंचाई, सुरक्षा और नियमित देखरेख करेंगी, ताकि सभी पौधे स्वस्थ रूप से विकसित हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम की प्रभावती दिवाकर ने अपनी बेटी ऋषिका रवि के नाम पर नाशपाती का पौधा लगाया। वहीं कक्षा 10वीं की छात्रा गायत्री पैकरा ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनि निकुंज, जनपद अध्यक्ष चिंतामणि भगत, सरपंच पुष्पा पैकरा, जनपद पंचायत सीईओ वेद प्रकाश पांडेय, सहायक संचालक उद्यान कमलेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय