home page

बलरामपुर : शंकरगढ़ में लगेंगे 1717 नाशपाती के पौधे

 | 

-वीबीजी रामजी मिशन के तहत 23 जुलाई को होगा ब्लॉक प्लांटेशन

बलरामपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले में हरित विकास और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए वीबीजी रामजी मिशन के तहत वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। आज बुधवार जिला प्रशासन ने बताया कि 23 जुलाई को विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम कोठली में एक ही स्थान पर 1717 नाशपाती के पौधे लगाए जाएंगे।

उद्यान विभाग की ओर से आयोजित इस ब्लॉक प्लांटेशन का उद्देश्य क्षेत्र में फलदार पौधों को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करना और जलवायु संतुलन में योगदान देना है। प्रशासन का मानना है कि आने वाले वर्षों में यह पौधरोपण क्षेत्र हरियाली बढ़ाने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका का भी आधार बनेगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी पौधरोपण अभियान में भाग लेंगे। इस दौरान लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया जाएगा, ताकि पौधे विकसित होकर पर्यावरण और ग्रामीणों की आय दोनों को मजबूत कर सकें।

जिला प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन आंदोलन बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय