home page

लंबित भुगतान को लेकर अर्धनग्न होकर सड़कों पर जल जीवन मिशन के ठेकेदारों ने मांगी भीख

 | 
लंबित भुगतान को लेकर अर्धनग्न होकर सड़कों पर जल जीवन मिशन के ठेकेदारों ने मांगी भीख


रायपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के तहत काम करने वाले ठेकेदारों ने लगभग 5 हजार करोड़ रुपये के बकाया भुगतान को लेकर अनोखा और उग्र प्रदर्शन किया।

राजधानी रायपुर में आज प्रदेशभर से आए ठेकेदारों ने हाथों में भीख मांगने वाला कटोरा लेकर सड़कों पर अर्धनग्न होकर लोगों से भीख मांगा । 'छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन' के बैनर तले लगभग 2,000 ठेकेदार रायपुर के राजीव गांधी चौक (घड़ी चौक) पर जुटे और चड्डी-बनियान पहनकर सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया.

ठेकेदारों का दावा है कि जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों का करीब 5 हजार करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। उनका कहना है कि पाइपलाइन बिछाने से लेकर घरों तक पानी पहुंचाने का काम उन्होंने पूरा कर दिया है, लेकिन अब तक उन्हें अपने काम का भुगतान नहीं मिला है।भुगतान न होने के कारण ठेकेदारों पर बैंकों की ईएमआई , मजदूरों की मजदूरी और सप्लायरों का पैसा चुकाना भारी पड़ गया है, जिससे वे कगार पर आ गए हैं।

ठेकेदारों ने सरकार से सभी लंबित बिलों का तत्काल निराकरण करने और बकाया भुगतान के लिए निश्चित समय-सीमा घोषित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि अपना बकाया भुगतान चाहिए।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही और नीतियों के चलते स्थानीय मूल निवासी ठेकेदारों का भुगतान रोका जा रहा है, जबकि बाहर की बड़ी कंपनियों को भुगतान में प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की है कि उनके लंबित बिलों का तत्काल निराकरण कर एक निश्चित समय-सीमा में भुगतान किया जाए। ऐसा न होने पर उन्होंने राज्य भर में चल रहे काम को पूरी तरह ठप करने की चेतावनी भी दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा