छत्तीसगढ़ के काेरबा में खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, दो की मौत, छह घायल
कोरबा, 15 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के काेरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब रायपुर से अंबिकापुर जा रही रॉयल यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रॉयल यात्री बस रायपुर से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर की ओर रवाना हुई थी। रविवार तड़के कटघोरा क्षेत्र के तानाखार के पास अनूप ढाबा के समीप पहुंचने पर बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस चालक ट्रक को समय रहते नहीं देख पाया, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दुर्घटना में दो यात्रियों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि छह यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद घायलों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। घायलों में एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जबकि शेष पांच घायलों का उपचार कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इसमें बस की रफ्तार, चालक की लापरवाही और सड़क किनारे खड़े ट्रक की स्थिति सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि तथा दुर्घटना के कारणों का विस्तृत विवरण सामने आना बाकी है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

