home page

परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, देशभक्ति के रंग में रंगा समारोह

 | 
परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, देशभक्ति के रंग में रंगा समारोह


परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, देशभक्ति के रंग में रंगा समारोह


परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, देशभक्ति के रंग में रंगा समारोह


परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, देशभक्ति के रंग में रंगा समारोह


जवानों और विद्यार्थियों ने मार्चपास्ट से दिखाया अनुशासन, बच्चों ने दी देशभक्ति व लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति

बलरामपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जवानों और विद्यार्थियों की आकर्षक परेड तथा स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। देशभक्ति गीतों की धुन पर कदमताल करते हुए परेड दलों ने तिरंगे और मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज को सलामी दी। वहीं बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में देशप्रेम, पर्यावरण संरक्षण और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति का संदेश दिया।

परेड में दिखा जोश और अनुशासन

परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन एवं परेड टू-आईसी सूबेदार रक्षित केंद्र ज्योति साहू के नेतृत्व में विभिन्न सशस्त्र बलों, पुलिस, नगर सेना, वन विभाग और विद्यालयीन दलों ने मार्चपास्ट किया। सीनियर वर्ग में 12वीं बटालियन रामानुजगंज, 10वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, नगर सेना, महिला नगर सेना और वन विभाग के दल शामिल रहे।

जूनियर वर्ग में एनसीसी शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर सहित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, संत जोसेफ मिशन स्कूल और सेजस हिंदी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने मार्चपास्ट में हिस्सा लिया। सभी दलों ने अनुशासन और उत्साह के साथ मंच के सामने पहुंचकर मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद मुख्य अतिथि चिंतामणि महाराज ने सभी परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।

एक पेड़ मां के नाम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

समारोह के दूसरे चरण में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, भाईचारे, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पहाड़ी कोरवा आवासीय विद्यालय भेलवाडीह के विद्यार्थियों ने आजादी की वीर गाथा प्रस्तुत की। न्यू ईरा पब्लिक स्कूल रामानुजगंज ने बलरामपुर की प्राकृतिक धरोहर को प्रस्तुति के माध्यम से सामने रखा।

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भेलवाडीह के विद्यार्थियों ने जय जवान जय किसान की भावना को मंच पर प्रस्तुत किया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी नृत्य के माध्यम से आजादी के पर्व की खुशियां साझा कीं।

संत जोसेफ मिशन स्कूल के विद्यार्थियों ने जुम्बा पीटी की प्रस्तुति देकर नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ की प्रस्तुति के जरिए बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

लोकगीत और पारंपरिक वेशभूषा ने मोहा मन

बच्चों ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तीज-त्योहारों और लोक संस्कृति पर आधारित गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और लोकगीतों की धुनों के साथ विद्यार्थियों ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। देशभक्ति और लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों से बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

स्वतंत्रता दिवस पर वाड्रफनगर में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वाड्रफनगर विकासखंड मुख्यालय स्थित पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वाड्रफनगर में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, देश की स्वतंत्रता अनेक वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमें आजादी के महत्व को समझते हुए राष्ट्र की प्रगति, सामाजिक समरसता और विकास के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक नृत्य एवं विभिन्न प्रेरणादायक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को याद किया तथा देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय