रायपुर : भाजपा सदैव मूल्य आधारित राजनीति करती है : अशोक बजाज
रायपुर 15 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक सिद्धांतवादी राजनीतिक दल है और सदैव मूल्य आधारित राजनीति को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानव दर्शन की विचारधारा को आत्मसात किया है, जिसकी जड़ें भारत की प्राचीन सभ्यता और संस्कृति में निहित हैं। यह विचारधारा आधुनिकता, विज्ञान, तकनीक और लोकतंत्र के साथ समन्वय स्थापित करती है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत मंदिर हसौद मंडल का दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग कौशल्या माता मंदिर के समीप स्थित कायस्थ भवन, चंदखुरी में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में दूसरे दिन आज रविवार काे पार्टी के कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्य पद्धति और कार्यकर्ताओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अशोक बजाज के साथ संतोष शुक्ला, संचित तिवारी, अरविंद ठाकुर तथा राजेश साहू ने भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने भाजपा की संगठनात्मक रीति-नीति, कार्य प्रणाली और समाज में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता क्रमशः शोभाराम यादव, प्रतीक बैस, अशोक बंजारे, कुलेश्वर बैस तथा के. आर. साहू ने की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गोपाल वर्मा, ललिता कृष्णा वर्मा, अभिनेष बॉबी कश्यप सहित मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

