home page

धन और सम्मान के लालच में खुशबू ने रची पद्मश्री फुलबासन बाई की अपहरण की साजिश, पांच आरेपित गिरफ्तार

 | 
धन और सम्मान के लालच में खुशबू ने रची पद्मश्री फुलबासन बाई की अपहरण की साजिश, पांच आरेपित गिरफ्तार


-घटना के बाद बढ़ाई गई फूलबासन बाई यादव की सुरक्षा

राजनांदगांव 07 मई (हि.स.)। पद्मश्री सम्मान से अलंकृत फुलबासन बाई यादव के अपहरण प्रयास मामले में पुलिस ने अब तक दो महिलाओं सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में फुलबासन यादव के अपहरण में खुशबू साहू की भूमिका सबसे ज्यादा उभरकर सामने आई है। खूशबू बेमेतरा जिले की महिला स्वयं सहायता समूहों की अध्यक्ष बनकर वह भी धन और सम्मान पाना चाहती थी।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने आज गुरुवार काे बताया कि मुख्य आरोपि खुशबू साहू (27) महिला समूहों से जुड़ी हुई है और वह स्वयं सहायता समूहों की अध्यक्ष बनकर आर्थिक एवं सामाजिक प्रतिष्ठा हासिल करना चाहती थी। उन्हाेंने बताया कि मंगलवार सुबह खुशबू साहू, सलोनी महेश्वरी, चिनक राम साहू (38), वाहन चालक दिनेश बंजारे (35) तथा गोपाल खेलवार (25) किराए की स्कॉर्पियो वाहन से राजनांदगांव पहुंचे ।

सुबह करीब 10:30 बजे वे फुलबासन यादव के घर पहुंचे और उन्हें जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इसी बीच खैरागढ़ रोड पर यातायात पुलिस की नियमित जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर पुलिस ने वाहन को रोका और सभी आरोपितों को हिरासत में लिया। इसके बाद आरोपितों को सुकुलदैहान पुलिस चौकी लाकर करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित खुशबू साहू फुलबासन यादव को अपने घर ले जाकर उनके माध्यम से विशेष पहचान और प्रभाव स्थापित करना चाहती थी। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

घटना के बाद फुलबासन यादव को सुरक्षा प्रदान की गई है। पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव तथा पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सतर्कता दिखाकर फुलबासन यादव को सुरक्षित बचाने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल