home page

11 दिनों में केवल पांच प्रतिशत धान खरीद, 36 दिनों में 95 प्रतिशत लक्ष्य कैसे होगा पूरा : दीपक बैज

 | 
11 दिनों में केवल पांच प्रतिशत धान खरीद, 36 दिनों में 95 प्रतिशत लक्ष्य कैसे होगा पूरा : दीपक बैज


पीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी से युवाओं का भविष्य प्रभावित, विशेष सत्र में परिसीमन को लेकर भी उठाए सवाल

रायपुर, 28 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश सरकार पर किसानों, युवाओं और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 160 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य है, लेकिन शुरुआती 11 दिनों में मात्र 5 प्रतिशत खरीद हो पाई है। छुट्टियों को छोड़कर कुल 47 दिनों में धान खरीद होनी है। ऐसे में शेष 36 दिनों में 95 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करना मुश्किल है।

बैज ने आरोप लगाया कि, एग्रीस्टैक पोर्टल में गड़बड़ियों के कारण हजारों किसानों का पंजीकृत रकबा शून्य दिख रहा है। कई किसानों की धान की फसल को अन्य फसल के रूप में दर्ज किया गया है। खसरा और फसल संबंधी विसंगतियों तथा भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया से किसान परेशान हैं।

पीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति पर सरकार को घेरा

बैज ने कहा कि, 8 सितंबर 2026 से पीएससी अध्यक्ष का पद खाली है। करीब 80 दिनों से आयोग का कामकाज प्रभावित है और परीक्षाएं व साक्षात्कार स्थगित हो रहे हैं। वर्ष 2025 के अभ्यर्थियों के इंटरव्यू भी अनिश्चितकाल के लिए रोक दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

परिसीमन से पहले जातिगत जनगणना जरूरी

संसद के 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित विशेष सत्र पर बैज ने कहा कि कांग्रेस वर्तमान सीटों पर महिला आरक्षण लागू करने के पक्ष में है, लेकिन जनगणना के आंकड़ों और जातिगत जनगणना को आधार बनाए बिना परिसीमन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को विश्वास में लिए बिना संविधान संशोधन की कोशिश की जा रही है। बैज ने कहा कि परिसीमन में वंचित वर्गों के अधिकारों और उचित हिस्सेदारी का ध्यान रखना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर