सक्ती जिले में धान खरीद महाअभियान का शुभारंभ, कलेक्टर जयश्री जैन ने किसानों का किया सम्मान
जांजगीर चांपा/सक्ती, 15 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीद का महाअभियान आज 15 नवंबर से शुरू हो गया। इसी क्रम में सक्ती जिले में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती जयश्री जैन तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी साहू ने डोड़की धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान खरीद कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने धान बेचने पहुंचे किसानों राम कुमार और संतोष कुमार को सम्मानित किया।
धान खरीद के पहले दिन डोड़की निवासी किसान राम कुमार पिता एसे राम 10.80 क्विंटल तथा किसान संतोष कुमार पिता गोसाईं राम 6 क्विंटल धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचे। अधिकारियों की उपस्थिति में दोनों किसानों से सुव्यवस्थित तरीके से धान की खरीदी की गई।
इस अवसर पर कलेक्टर जयश्री जैन ने धान उपार्जन केंद्र में लाए गए धान की नमी की मात्रा की स्वयं जांच कराई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि धान विक्रय के लिए आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से खरीद सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन के अनुसार धान खरीद अभियान को लेकर जिले के सभी उपार्जन केंद्रों से लेकर जिला कार्यालयों तक आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। धान खरीद शुरू होने से जिले के किसानों में उत्साह का माहौल है।
इस अवसर पर खाद्य अधिकारी, नोडल अधिकारी, शाखा प्रबंधक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

