home page

धान खरीद से लेकर विकास कार्यों तक कलेक्टर ने परखी प्रगति, लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

 | 
धान खरीद से लेकर विकास कार्यों तक कलेक्टर ने परखी प्रगति, लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश


धमतरी, 23 नवंबर (हि.स.)। धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीद के साथ विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने समय-सीमा की बैठक में विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिक से अधिक रकबा समर्पण सुनिश्चित करने के साथ खरीफ विपणन वर्ष से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने कृषक पंजीयन में आ रही समस्याओं, फसल क्षति और प्रभावित किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे की जानकारी ली। उन्होंने नियमानुसार पात्र किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चावल जमा करने की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिन राइस मिलर्स ने अब तक चावल जमा नहीं किया है, उन्हें नोटिस जारी करने कहा। साथ ही किसानों को पतले धान के विक्रय से जहां अधिक लाभ मिल रहा है, वहां इसके लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। रबी फसल के लिए समितियों की तैयारी, प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के तहत फसलों की खरीदी, किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं, टीकाकरण, दुग्ध संग्रहण और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने केसीसी का दायरा बढ़ाने, पशु सखी पंजीयन में तेजी लाने तथा मखाना उत्पादन, कृषक उन्नति योजना और ऑयल पाम की स्थिति की जानकारी ली। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि स्वीकृत एवं निर्माणाधीन कार्यों को अनावश्यक विलंब के बिना शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। अम्बेडकर चौक के सर्वे, रेलवे से जुड़े कार्य, कांटा तालाब, इंडोर स्टेडियम, नवीन ऑडिटोरियम और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी लेकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। आगामी सरस मेले की तैयारियों के साथ व्यवसायिक परिसर सहित अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति जानी। सार्थक स्कूल के छात्रावास निर्माण को शीघ्र प्रारंभ करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने कहा। शासकीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान स्वामित्व योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। हड़ताल से वापस लौटे पटवारियों को डीएससी और नक्शा-बटांकन के कार्यों में लगाने कहा, ताकि राजस्व संबंधी लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण हो सके। उन्होंने बताया कि अकलाडोंगरी-सिंगपुर में लिंक कोर्ट प्रारंभ हो चुका है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड के पांच-पांच गांवों का चयन कर जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश भी दिए। बैठक में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी अधिक से अधिक कार्यालयीन फाइलों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से करें। इसकी उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। ई-ऑफिस से शासकीय कामकाज में पारदर्शिता बढ़ने के साथ फाइलों के निराकरण में भी तेजी आएगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहरी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा