सारंगढ़-बिलाईगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू, कलेक्टर ने कोतरी केंद्र में किया शुभारंभ
जांजगीर चांपा/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 नवंबर (हि. स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीद की शुरुआत हो गई है। धान खरीद के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोतरी के धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और खरीद कार्य का शुभारंभ किया।
इस दौरान कलेक्टर ने कांटा-बांट और धान की ढेरी की पूजा की। उन्होंने धान बेचने पहुंचे किसानों का पुष्पमाला पहनाकर एवं तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें खरीद की शुरुआत पर शुभकामनाएं दीं। साथ ही अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों से केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर धान खरीद सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बारदाने की उपलब्धता, पेयजल, छाया, तौल मशीनों की सटीकता और नमी मापक यंत्रों की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीद केंद्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। छोटे एवं वास्तविक किसानों को प्राथमिकता के साथ धान विक्रय का लाभ दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या बिचौलियों की संलिप्तता सामने आने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर सहकारिता एवं उद्योग समिति के सभापति हरिहर जायसवाल, जिला खाद्य अधिकारी विनय कुजूर, सहायक आयुक्त सहकारिता कामेश सिंह कश्यप, जिला विपणन अधिकारी गुलाब सिंह राठौड़, सहकारी निरीक्षक लकेश्वर देवांगन, बैंक पर्यवेक्षक दीपक सिंह पैंकरा, समिति पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

