home page

मंडी में धान के दाम चढ़े, लेकिन किसान खाली हाथ; आवक घटने से कारोबार ठप

 | 
मंडी में धान के दाम चढ़े, लेकिन किसान खाली हाथ; आवक घटने से कारोबार ठप


सांभा और गोल्डन सांभा 3500 रुपये पार, नई फसल के लिए कुछ दिन और इंतजार

धमतरी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नई कृषि उपज मंडी श्यामतराई में इन दिनों ऑफ सीजन के चलते धान की आवक बेहद कम हो गई है। एक ओर मंडी में सांभा और गोल्डन सांभा समेत पतले धान के दाम 3500 रुपये प्रति क्विंटल के पार पहुंच गए हैं, वहीं दूसरी ओर किसानों के पास बिक्री के लिए धान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में बढ़े हुए भाव का लाभ गिनती के किसानों को ही मिल पा रहा है। इससे पहले जब मंडी में धान की आवक अच्छी थी, तब कीमतें अपेक्षाकृत कम थीं। अब भाव बढ़ने के बावजूद मंडी में धान की कमी के कारण किसान इसका फायदा नहीं उठा पा रहे हैं।

खरीफ सीजन की धान फसल इन दिनों खेतों में पककर तैयार हो रही है। आगामी आठ से 10 दिनों में कटाई-मिंजाई का काम शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद ही मंडी में नई फसल की आवक बढ़ेगी। फिलहाल मंडी में बिक्री के लिए किसानों के पास धान का स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है। ऑफ सीजन में नई कृषि उपज मंडी श्यामतराई में सांभा, गोल्डन सांभा समेत अन्य पतले धान की कीमत 3189 रुपये प्रति क्विंटल से ऊपर बनी हुई है। सांभा और गोल्डन सांभा का भाव क्रमश: 3523 और 3520 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। वहीं श्रीराम महेंद्र धान 3120 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास है। मोटे धान आईआर-64 का भाव 2400 रुपये प्रति क्विंटल बना हुआ है।

मंडी से मिली जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर को बिक्री के लिए महज 399 कट्टा धान की आवक हुई। मात्रा कम होने के कारण बोली भी नहीं लग सकी। धान की कमी के चलते राइस मिलरों को भी खरीदी के लिए पर्याप्त माल नहीं मिल पा रहा है। मिलरों को अब मंडी में नई फसल की आवक बढ़ने का इंतजार है। इधर, मंडी में ऑफ सीजन के बावजूद करीब 50 से 60 हमाल और रेजा काम की उम्मीद में पहुंच रहे हैं, लेकिन धान की आवक बेहद कम होने से उन्हें पर्याप्त काम नहीं मिल पा रहा है। कई मजदूरों को बिना काम किए ही लौटना पड़ रहा है। मंडी में काम के संकट से जूझ रहे हमाल और रेजाओं को भी अब नई फसल का इंतजार है। खेतों में तैयार खरीफ धान की कटाई-मिंजाई शुरू होने के बाद मंडी में आवक बढ़ने और कारोबार के फिर रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। तब किसानों को भी बढ़े हुए बाजार भाव का लाभ मिलने की संभावना रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा