home page

कृषि उपज मंडी धमतरी में बढ़ी धान की आवक, मजदूरों की कमी से किसान परेशान

 | 
कृषि उपज मंडी धमतरी में बढ़ी धान की आवक, मजदूरों की कमी से किसान परेशान


धमतरी, 13 मई (हि.स.)। श्यामतराई कृषि उपज मंडी इन दिनों धान की बढ़ती आवक के कारण पूरी तरह गुलजार नजर आ रही है। जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। वर्तमान में मंडी में प्रतिदिन लगभग सात हजार क्विंटल धान की आवक दर्ज की जा रही है। अच्छी कीमत मिलने से किसानों के चेहरों पर संतोष दिखाई दे रहा है, वहीं दूसरी ओर तेज गर्मी और मजदूरों की कमी ने उनकी परेशानी भी बढ़ा दी है।

प्रदेश की प्रमुख मंडियों में शामिल श्यामतराई कृषि उपज मंडी में धमतरी जिले के अलावा समीपवर्ती बालोद जिले के किसान भी बड़ी संख्या में धान बिक्री के लिए पहुंच रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से मंडी में धान की आवक लगातार बढ़ी है। किसानों का कहना है कि इस बार कई किस्मों के धान को अपेक्षाकृत बेहतर भाव मिलने से राहत मिली है। मंडी में गोल्डन सांभा धान 2300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा गया। वहीं आईआर-64 को 1811 रुपये, ओमश्री धान को 2574 रुपये, 1010 धान को 1880 रुपये, सरोना को 1935 रुपये तथा सांभा धान को करीब 2500 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिला।

किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह दाम स्थिर बने रहें तो उन्हें आर्थिक रूप से काफी सहारा मिलेगा। खोरबाहरा, बिरझू सिन्हा और किशोर साहू ने बताया कि अच्छी कीमत मिलने से इस बार खेती की लागत निकलने की उम्मीद बढ़ी है। वहीं श्यामतराई के किसान उमेश साहू ने कहा कि मंडी में धान के दाम स्थिर रहना जरूरी है, ताकि किसानों को अचानक नुकसान का सामना न करना पड़े। इधर, बढ़ती गर्मी ने मंडी की व्यवस्था पर असर डालना शुरू कर दिया है। मंडी में काम करने वाले रेजा और हमालों की संख्या में लगातार कमी देखी जा रही है। शहर और आसपास के क्षेत्रों से मजदूरी करने आने वाले श्रमिक तेज धूप और भीषण गर्मी के कारण मंडी पहुंचने से बच रहे हैं। इसका सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है। जोधापुर के किसान समय लाल साहू ने बताया कि मजदूर नहीं मिलने के कारण किसानों को खुद ही धान उतारना, फैलाना और सुखाना पड़ रहा है। नमी वाले धान को सुरक्षित रखने के लिए किसान मंडी परिसर में घंटों मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग एक सप्ताह से यही स्थिति बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा