सक्ती: अनियंत्रित माेटरसाइकिल पेड़ से टकराई, 18 साल के युवक की मौत; दो की हालत गंभीर
सक्ती, 11 अक्टूबर (हि. स.)। सक्ती जिले में आज रविवार काे एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पूरा मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र के पोता गांव का है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पोता से आमनदुला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी माेटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि माेटरसाइकिल सवार तीनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद तीनों को इलाज के लिए मालखरौदा ले जाया गया, जहां 18 वर्षीय नीरज सारथी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नीरज सारथी, पिता केदार सारथी के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में घायल रोशन बैरागी (उम्र 20 वर्ष) और विकास महंत (उम्र 18 वर्ष) की हालत नाजुक बताई जा रही है। बेहतर उपचार के लिए दोनों घायलों को रायगढ़ रेफर किया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया है, जबकि दो अन्य परिवार अपने बच्चों की सलामती की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार /लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

