home page

1001 किसानों में से 692 ने बेचा धान, कई किसानों को नहीं मिला मौका

 | 
1001 किसानों में से 692 ने बेचा धान, कई किसानों को नहीं मिला मौका


धमतरी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित रह गए किसानों के भारी प्रदर्शन व आक्रोश के बीच राज्य सरकार ने पांच व छह फरवरी को दो दिनों के लिए फिर से छूटे हुए किसानों के धान की खरीद समर्थन मूल्य पर किया। पांच फरवरी को जिले के 692 किसानों से 24699 क्विंटल धान की खरीद की। जबकि गुरूवार के लिए टोकन कटाने वाले 309 किसान अब भी धान नहीं बेच पाया। छह फरवरी के दिन धान बेचने के लिए जिलेभर के 249 किसानों का टोकन काटा गया है, जिससे 10200 क्विंटल धान की खरीद किया जाएगा। इधर धान नहीं बेच पाने वाले किसानों का आक्रोश थम ही नहीं रहा है। खरीद केन्द्रों में व कलेक्ट्रेट जाकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर धान की खरीद मांग कर रहे हैं, नहीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।

प्रदेश समेत जिले में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए राज्य शासन द्वारा धान खरीद की अवधि में पांच एवं छह फरवरी तक की वृद्धि की गई है, जिससे शेष किसानों को भी अपनी उपज बेचने का अवसर मिल सके। इस कड़ी में पांच फरवरी को समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिलेभर में 1,001 किसानों के 35,740 क्विंटल धान खरीद के लिए टोकन जारी किए गए थे, जिनमें से 692 किसानों से 24697 क्विंटल धान की खरीद पूर्ण कर ली गई है। शेष किसानों से भी निर्धारित समय-सीमा में खरीदी सुनिश्चित की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में एक लाख 24 हजार 301 किसानों से कुल 59 लाख 34 हजार 951.20 क्विंटल धान की खरीद सफलतापूर्वक की जा चुकी है। धान खरीद केंद्रों में पर्याप्त संसाधन, बारदाना, तौल व्यवस्था तथा भुगतान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखा गया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा रहा है। किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।

इस संबंध में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार धमतरी जिले में धान खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था के साथ किया जा रहा है। खरीद अवधि में वृद्धि से शेष किसानों को लाभ मिलेगा। सभी उपार्जन केंद्रों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित समय में धान की खरीद पूर्ण करते हुए किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने दें। कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित टोकन तिथि पर ही उपार्जन केंद्रों में धान लेकर आएं, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सभी किसानों को समय पर लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा