home page

संडे ऑन साइकिल रैली में युवाओं का जोश, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 | 
संडे ऑन साइकिल रैली में युवाओं का जोश, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


- फिट रहने के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया सन्देश

बलौदाबाजार, 7 जून (हि. स.)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आज रविवार काे फिट इंडिया मूवमेंट के तहत बलौदाबाजार में एक शानदार साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत योग भवन से हुई, जहां वरिष्ठ भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, पार्षद जितेंद्र डड़सेना और वरिष्ठ नागरिक जयनारायण केशरवानी ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया।

फिट रहने,पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देती हुई यह रैली योग भवन से निकलकर ज्ञान गंगा स्कूल मार्ग से होते हुए वापस योग भवन में आकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में जिले के युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

साइकिल रैली के समापन के बाद योग भवन में ही जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर शिविर के दौरान विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण लेने वाले बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें मलखंभ के खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत किए गए हैरतअंगेज और साहसिक करतब मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों की इस अद्भुत प्रतिभा और संतुलन को देखकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में शिविर के सभी होनहार प्रतिभागियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सर्टिफिकेट और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए वहां उपस्थित सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों ने जल संचय की सामूहिक शपथ ली और पानी बचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी और खेल अधिकारी प्रीति बंछोर सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर