home page

नारायणपुर : ईसाई धर्मांतरित परिवारों को गांव छोड़ने का फरमान जारी, घरों से सामान निकाला बाहर

 | 
नारायणपुर : ईसाई धर्मांतरित परिवारों को गांव छोड़ने का फरमान जारी, घरों से सामान निकाला बाहर


नारायणपुर, 30 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में भरण्डा के बाद खड़का गांव में धर्मांतरण को लेकर विवाद शुरू हो गया है। यहां धर्मांतरित परिवारों को गांव छोड़ने का फरमान जारी किए जाने का आरोप है। आदिवासी सामाज के लोगों ने आज मंगलवार काे धर्मांतरित परिवारों के घरों से सामानों को बाहर निकाल दिया है। इसके बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

उल्लेखनीय है कि खड़का गांव में आदिवासी समुदाय और धर्मांतरित परिवारों के बीच भारी विवाद की स्थिति बनी हुई है। ईसाई धर्म अपनाने वाले दो परिवारों पर गांव छोड़ने का दबाव बनाते हुए उनके घरों से सामान बाहर निकाल दिया गया है।

खड़का गांव के ग्रामीणों का कहना है कि ईसाई धर्मांतरित परिवार गांव के सामाजिक कार्यक्रमों में अन्य ग्रामीणों की तरह चंदा दें और आदिवासी देवी-देवताओं और पारंपरिक रीति-रिवाजों को माने। वहीं प्रभावित परिवारों का कहना है कि वह साल में केवल एक बार ही चंदा देंगे, लेकिन आदिवासी धार्मिक परंपराओं का पालन नहीं करेंगे, इसको लेकर तनाव बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कोई भी घटना न हो। मामले में प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे