अर्जुनी में नई शराब दुकान खोलने का विरोध
पंचायत ने आबकारी विभाग के प्रस्ताव को किया खारिज, जबरन दुकान खोलने पर आंदोलन की चेतावनी
धमतरी, 16 सितंबर (हि.स.)। शराब दुकानों को बंद करने की मांग के बीच ग्राम अर्जुनी में नई शराब दुकान खोलने की कवायद शुरू होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। आबकारी विभाग द्वारा ग्राम पंचायत को नई शराब दुकान खोलने की अनुमति संबंधी पत्र भेजे जाने के बाद पंचायत में बैठक आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों ने एक स्वर में गांव में शराब दुकान नहीं खोलने का निर्णय लिया। पंचायत के सभी पंचों ने भी प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब सामाजिक बुराइयों में प्रमुख है। गांव में शराब दुकान खुलने से शराब की सहज उपलब्धता बढ़ेगी और इसका असर सामाजिक वातावरण पर पड़ेगा। कामकाजी और खेती-किसानी करने वाली महिलाओं को भी शराब दुकान के आसपास असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार को शराब से राजस्व जुटाने के बजाय आय के अन्य स्रोत तलाशने चाहिए। ग्रामीण महिला निर्मला बाई ने कहा कि नई शराब दुकान खुलने से गांव में वाद-विवाद की स्थिति बढ़ सकती है।
केशव सिन्हा ने कहा कि जहां शराब दुकानें हैं, वहां सुबह से ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे माताओं और बहनों को शर्मिंदगी महसूस होती है। संजय सिन्हा ने कहा कि शराब की सहज उपलब्धता से कई ऐसे लोग भी इसकी ओर आकर्षित हो सकते हैं, जो वर्तमान में इसका सेवन नहीं करते। धनीराम सिन्हा ने कहा कि सरकार को शराब दुकान खोलने के बजाय आय के दूसरे साधन तलाशने चाहिए। भक्तू राम सिन्हा ने कहा कि सामाजिक बुराई पर केवल जागरूकता अभियान चलाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। उमेश ध्रुव ने कहा कि नई दुकान खोलने के बजाय पहले से संचालित शराब दुकानों को बंद करने की दिशा में पहल होनी चाहिए। बोधनी बाई सिन्हा ने कहा कि नशे में लोग गाली-गलौज और विवाद करते हैं, इसलिए गांव में शराब दुकान नहीं खुलनी चाहिए।
सरपंच इंदु मोहित ध्रुव ने बताया कि सभी पंचों ने नई शराब दुकान खोलने संबंधी आबकारी विभाग के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। उपसरपंच लोकेश सिन्हा ने कहा कि ग्राम अर्जुनी में नई शराब दुकान खोले जाने का सामूहिक रूप से विरोध किया गया है। यदि प्रशासन द्वारा जबरन दुकान खोलने का प्रयास किया गया तो ग्रामीण इसका कड़ा विरोध करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

