ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र : मड़वा स्कूल की गाइड्स ने जवानों के लिए बनाई राखियां
सीमा पर तैनात वीर जवानों को भेजे गए हस्तनिर्मित राखी और सम्मान संदेश
जांजगीर-चांपा, 01 अगस्त (हि. स.)। राष्ट्रव्यापी देशभक्ति अभियान ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 2026 का शुभारंभ शनिवार को जांजगीर-चांपा जिले में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के जिला संगठन द्वारा किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़वा में जिला संगठन आयुक्त (गाइड) श्वेता जायसवाल के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम में विद्यालय की व्याख्याता प्रतिभा तिवारी, कविता साहू और अनिता टांडे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान राज्यपाल गाइड्स पूर्वशी साहू, सोनाली पटेल, दीपिका साहू, सुलोचना केवट, मेघा साहू और दिशा यादव के मार्गदर्शन में गाइड्स एवं छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
छात्राओं ने अपने हाथों से सुंदर राखियां तैयार कीं और देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए प्रेरणादायी संदेश पत्र भी लिखे। इन राखियों और संदेशों को सैनिकों तक पहुंचाने के लिए भेजा गया है।
पूर्व सैनिक महासभा एवं सिपाही संगठन के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों को देशभक्ति से जोड़ना है। अभियान के तहत तैयार रक्षा सूत्र, एक चुटकी पवित्र मिट्टी और सैनिकों के नाम लिखे सम्मान संदेश सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचाए जाएंगे।
विद्यार्थियों ने राखियों और पत्रों में अपना पता एवं संपर्क नंबर भी अंकित किया है। साथ ही अपने आंगन की एक चुटकी पवित्र मिट्टी छोटे लिफाफे में रखकर राखी व पत्र के साथ भेजी जा रही है।
जिले के विभिन्न विद्यालयों से प्राप्त सामग्री का संग्रहण जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के आवक-जावक कक्ष में रखे बॉक्स में 8 अगस्त तक किया जाएगा। इसके बाद यह सामग्री 10 अगस्त को संबंधित संगठन को सौंपी जाएगी।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त स्काउट के निर्देश पर जिला समन्वय समिति और विकासखंड प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। सभी विद्यालयों से विद्यार्थियों द्वारा तैयार राखियों और संदेशों की फोटो एवं वीडियो स्थानीय समाचार पत्रों तथा सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

