home page

पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जताया गहरा शोक

 | 

रायपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पद्मश्री से सम्मानित भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। उनका निधन भारतीय सिनेमा और कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि नाना पाटेकर जी ने अपने सशक्त अभिनय, विशिष्ट संवाद अदायगी और प्रभावशाली व्यक्तित्व से भारतीय सिनेमा में अमिट छाप छोड़ी। हिंदी एवं मराठी सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान और यादगार अभिनय को सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से दर्शकों के हृदय में विशेष स्थान बनाया। उनका कला और सिनेमा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

चौधरी ने दिवंगत अभिनेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिजनों एवं असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों और प्रशंसकों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल