home page

नगरी में गाज गिरने से एक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

 | 
नगरी में गाज गिरने से एक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल


धमतरी, 24 सितंबर (हि.स.)। जिले के नगरी क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से शासकीय सिविल अस्पताल नगरी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए शासकीय जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार मृतक गिरजा शंकर ध्रुव सहित पोषण ध्रुव, जीतू सिंह और भूपेश ध्रुव दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से बुधवार शाम लगभग 7 बजे ग्राम बोडर्रा से फरसियां की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बारिश के बीच उन्होंने मोटरसाइकिल रोककर आपस में बातचीत शुरू की। इसी दौरान अचानक तेज आकाशीय बिजली चमकी और चारों इसकी चपेट में आ गए। घटना में गिरजा शंकर ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पोषण ध्रुव, जीतू सिंह और भूपेश ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को नगरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद धमतरी जिला अस्पताल भेजा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा