home page

सुकमा में धान खरीद के पहले दिन किसी किसान का टोकन नहीं कटा

 | 
सुकमा में धान खरीद के पहले दिन किसी किसान का टोकन नहीं कटा


सुकमा, 15 नवंबर (हि.स.)। जिले में धान खरीद के पहले दिन किसी किसान का टोकन नहीं कटा। दोपहर 03 बजे तक जिला मुख्यालय के खरीद केंद्र में न किसान पहुंचे और न ही धान से भरी गाड़ियां आईं, खरीद की तैयारियां पूरी थीं। परंपरानुसार कांटा पूजन भी किया गया, लेकिन जिले के किसी भी केंद्र में धान खरीद शुरू नहीं हो सकी। कर्मचारी और अधिकारी किसानों का इंतजार करते रहे।

सुकमा जिले में धान खरीद के लिए 27 समितियां बनाई गई हैं। इनमें 18,641 किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों ने कुल 36,389.55 हेक्टेयर में धान की फसल लगाई है।

जिले के अधिकारियों के अनुसार सुकमा में दूसरे जिलों के मुकाबले धान की कटाई देर से होती है। इसलिए शुरुआती दिनों में खरीद केंद्रों पर किसानों की आवाजाही कम रहने का अनुमान है। अधिकारियों को उम्मीद है कि 25 नवंबर तक किसान धान लेकर केंद्रों में पहुंचने लगेंगे। दूसरे राज्यों से आने वाले धान और अवैध परिवहन पर नजर रखने के लिए जिले में 14 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। प्रशासन ने खरीद केंद्रों में जरूरी इंतजाम भी पूरे कर लिए हैं। पिछले खरीफ सीजन में जिले में करीब 08 लाख क्विंटल धान की खरीदी हुई थी।

जिला खाद्य अधिकारी रवि शंकर कोमरा ने बताया कि जिले की 27 समितियों में धान खरीद की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धान की कटाई देर से होने के कारण शुरुआती दिनों में किसानों की आवक कम रहने की संभावना है। 25 नवंबर तक किसानों के केंद्रों में पहुंचने की उम्मीद है। अवैध धान परिवहन पर नजर रखने के लिए 14 चेक पोस्ट भी बनाए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे