home page

जलाराम बापा की 227वीं जयंती की पूर्व संध्या पर समाज के युवाओं ने निकाली माेटरसाइकिल रैली

 | 
जलाराम बापा की 227वीं जयंती की पूर्व संध्या पर समाज के युवाओं ने निकाली माेटरसाइकिल रैली


जलाराम बापा की 227वीं जयंती की पूर्व संध्या पर समाज के युवाओं ने निकाली माेटरसाइकिल रैली


जलाराम बापा की 227वीं जयंती पर धमतरी में होगा भक्ति और सेवा का संगम

धमतरी, 15 नवंबर (हि.स.)। परम पूज्य संत शिरोमणि जलाराम बापा की 227वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को धमतरी में जलाराम जयंती महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जयंती महोत्सव को लेकर गुजराती समाज में विशेष उत्साह का माहौल है। आयोजन की पूर्व संध्या पर समाज के युवाओं ने भव्य बाइक रैली निकालकर उत्सव का आगाज किया।

रैली में शामिल युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में ध्वज और जुबां पर जलाराम बापा का जयघोष करते हुए युवा पूरे उत्साह के साथ नगर भ्रमण पर निकले। बाइक रैली समाज के प्रमुख मार्गों से होते हुए गोल बाजार, घड़ी चौक और बस स्टैंड पहुंची। इसके बाद विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रैली वापस कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। जयंती के अवसर पर श्री जलाराम बापा मंदिर प्रांगण में दिनभर विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 4.30 बजे सामूहिक दीप आरती के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद सुबह 7.45 बजे नियमित आरती की जाएगी। दोपहर 11.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक नारायण भोग आरती का आयोजन होगा। दोपहर 12.30 बजे से 2.30 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी वितरण किया जाएगा।

वहीं शाम 4 बजे श्री जलाराम महिला सत्संग मंडल द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें भजनों के माध्यम से संत जलाराम बापा की महिमा का गुणगान किया जाएगा। शाम 5.45 बजे महाआरती एवं नियमित आरती के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। जलाराम बापा का जीवन सेवा, समर्पण, करुणा और मानवता के प्रति निस्वार्थ भाव का संदेश देता है। उन्होंने जरूरतमंदों की सेवा और भूखों को भोजन कराने को ही सच्ची ईश्वर भक्ति का माध्यम माना। उनके इन्हीं आदर्शों से प्रेरित होकर प्रतिवर्ष समाज द्वारा जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाता है। श्री जलाराम बापा मंदिर ट्रस्ट मंडल ने समाज के सभी लोगों एवं श्रद्धालुओं से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा