home page

वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर धमतरी में निकली साइकिल तिरंगा यात्रा

 | 
वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर धमतरी में निकली साइकिल तिरंगा यात्रा


वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर धमतरी में निकली साइकिल तिरंगा यात्रा


वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर धमतरी में निकली साइकिल तिरंगा यात्रा


वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर धमतरी में निकली साइकिल तिरंगा यात्रा


10 किलोमीटर की यात्रा में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, ‘टूर डे धमतरी’ के 25 साइकिल सवार भी हुए शामिल

धमतरी, 08 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवपूर्ण अवसर पर शनिवार को धमतरी में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का अनूठा नजारा देखने को मिला। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित साइकिल तिरंगा यात्रा में नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

हाथों में तिरंगा और दिल में राष्ट्रप्रेम का भाव लिए प्रतिभागियों ने करीब 10 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर राष्ट्रीय एकता, स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश दिया। यात्रा रत्नाबांधा चौक से शुरू होकर मरादेव पहुंची। इसमें महापौर रामू रोहरा, अधिकारी-कर्मचारी, माई भारत के स्वयंसेवक, स्काउट-गाइड, एनएसएस स्वयंसेवक, गणमान्य नागरिक और स्कूली विद्यार्थी शामिल हुए। यात्रा का विशेष आकर्षण रायपुर से ‘टूर डे धमतरी’ के तहत पर्यटन, युवा सहभागिता और नशामुक्ति का संदेश लेकर पहुंचे 25 साइकिल सवार रहे, जिन्होंने भी तिरंगा यात्रा में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। साइकिल सवारों ने धमतरी की प्राकृतिक एवं पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। तिरंगे के साथ साइकिल सवारों की सहभागिता ने यात्रा में नई ऊर्जा का संचार किया।

यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने ‘वंदे मातरम्’ के गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान जिंजर लिफ रेस्टोरेंट में आयोजित कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा, उप संचालक नकुल वर्मा, बीईओ धमतरी लीलाधर चौधरी, माई भारत, स्काउट-गाइड, एनएसएस के प्रतिनिधियों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। सामूहिक स्वर में गूंजे राष्ट्रगीत से पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से भर गया।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, संघर्ष, त्याग और राष्ट्रीय चेतना की गौरवशाली पहचान है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होना देशवासियों के लिए गर्व और गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी देशभक्ति की मजबूत भावना को दर्शाती है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। धमतरी की सड़कों पर निकली साइकिल तिरंगा यात्रा ने राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान, तिरंगे के प्रति गौरव और राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प का सशक्त संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा