home page

“वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ पर धमतरी में सप्ताहभर गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का स्वर

 | 
“वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ पर धमतरी में सप्ताहभर गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का स्वर


धमतरी, 06 अगस्त (हि.स.)। “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में धमतरी जिले में सात से 15 अगस्त तक राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक और जन-जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के लिए धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी जनपद पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सप्ताहभर शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रभात फेरियां, सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगोष्ठियां, व्याख्यानमाला, निबंध, भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताएं, राष्ट्रभक्ति विषयक प्रदर्शनियां, वृक्षारोपण, स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान सहित अनेक रचनात्मक गतिविधियां आयोजित होंगी।

कार्यक्रमों में स्थानीय लोक संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के सभी वर्गों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों, स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और जागरूकता को सुदृढ़ करना है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने गुरुवार काे कहा कि “वंदे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना, राष्ट्रीय अस्मिता और आत्मगौरव का अमर प्रतीक है। इसकी 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, राष्ट्र निर्माण के आदर्शों और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेंगे। उन्होंने बताया कि जिले की सभी जनपद एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि ‘हर घर राष्ट्रभक्ति, हर मन वंदे मातरम्’ का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा