नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से अनीता की पढ़ाई को मिला सहारा, 20 हजार रुपये की मिली मदद
बलरामपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। आर्थिक कठिनाइयों के बीच पढ़ाई जारी रखने की कोशिश कर रही ग्राम पंचायत सुरा निवासी कुमारी अनीता नाग के लिए मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना मददगार बनी है। आज शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार योजना के तहत अनीता के बैंक खाते में 20 हजार रुपये की सहायता राशि पहुंची, जिसके बाद उन्होंने दोबारा कॉलेज में प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई शुरू कर दी है।
कॉलेज की पढ़ाई के दौरान आर्थिक परेशानी के कारण अनीता की शिक्षा प्रभावित हो रही थी। आगे पढ़ने की इच्छा थी, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति उनके सामने चुनौती बनी हुई थी। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया और सहायता राशि प्राप्त की।
अनीता का लक्ष्य पढ़ाई पूरी कर शिक्षिका बनना है। उनका कहना है कि योजना से मिली आर्थिक सहायता ने पढ़ाई जारी रखने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है। वे आगे गांव के बच्चों को शिक्षित कर उनके भविष्य को बेहतर बनाने में योगदान देना चाहती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

